पलामू में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर प्रभावी रोकथाम हेतु पुलिस द्वारा व्यापक अभियान चलाया गया।
पलामू न्यूज Live//पलामू जिला के पिपराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अफीम की खेती पर रोकथाम हेतु बुधवार को ड्रोन कैमरा के माध्यम से निगरानी एवं भौतिक रूप से सत्यापन किया गया। वहीं जांच के दौरान थाना क्षेत्र में कहीं भी अफीम की खेती नहीं पाई गई।
जिन स्थानों पर पूर्व में अफीम की खेती की गई थी, वहां वर्तमान में दलहन एवं तिलहन की वैध खेती की जा रही है। उक्त क्षेत्र में भविष्य में भी अवैध खेती की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए सतत निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झांटी के जंगली क्षेत्रों में अवैध रूप से करीब 07 एकड़ में लगी अफीम की खेती को चिन्हित किया गया। उक्त खेती को शुरुआती अवस्था में ही ट्रैक्टर चलाकर पूर्ण रूप से विनष्ट कर दिया गया।
पलामू पुलिस द्वारा यह अभियान मादक पदार्थों की अवैध खेती, उत्पादन एवं तस्करी पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
पलामू पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी अफीम अथवा अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती/गतिविधि की सूचना प्राप्त हो। तो तत्काल पुलिस को सूचित करें सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

