सतबरवा पुलिस बनी सहारा, घायल महिला को इलाज के बाद जमुई परिवार से मिलवाया।
पलामू न्यूज Live//पलामू जिले के सतबरवा थाना अंतर्गत हुर्मूर औरंगा नदी किनारे दिनांक 10 सितम्बर 2025 को एक अज्ञात महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गई थी। घायल महिला को तत्काल उपचार हेतु नवजीवन अस्पताल तुम्बागडा़ में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों ने बेहतर इलाज प्रदान किया जिसके लिए पुलिस द्वारा अस्पताल प्रशासन एवं प्रबंधक की सराहना की गई।
इस महिला कि इलाज का समस्त खर्च पुलिस द्वारा वहन किया गया। वहीं प्राथमिक इलाज के बाद दो दिन पश्चात महिला को होश आने पर उनके बयान के आधार पर सतबरवा थाना कांड संख्या 94/25, दिनांक 12/09/25, धारा 109(1) BNS एक्ट अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
इलाज के दौरान स्वास्थ्य में सुधार होने पर महिला ने अपना नाम जूली कुमारी, पति- बबलू सोनार, सा० बागमरा, देवघर बताया। पूछताछ के क्रम में महिला ने बताया कि उसे काम दिलाने के बहाने ट्रेन द्वारा यहां लाया गया था किंतु वह कहां से और कैसे पहुंची इसकी स्पष्ट जानकारी उसे नहीं है।
इसके उपरांत दिनांक 24 सितम्बर 2025 को सतबरवा थाना के पदाधिकारी एवं महिला आरक्षी द्वारा उक्त महिला को सुरक्षित उसके गृह जनपद ले जाने हेतु कार्यवाही की गई। दिनांक 25 सितम्बर 2025 को पुलिस टीम महिला को लेकर देवघर बागमरा पहुंची जहां जानकारी मिली कि वहां उनकी मामा का घर है तथा उनका स्थायी घर जमुई जिला बिहार में स्थित है।
तत्पश्चात महिला को उसके मामा की उपस्थिति में जमुई जिला ले जाकर गरही थाना पुलिस के सहयोग से उनके परिजनों को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। यह कार्य पुलिस की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई एवं जन-सेवा के प्रति समर्पण का एक उत्कृष्ट उदाहरण है।
घायल महिला को पहचान दिलाने उसका सम्पूर्ण इलाज सुनिश्चित कराने तथा सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने में सतबरवा थाना पुलिस एवं महिला आरक्षियों की भूमिका प्रशंसनीय रही। पलामू पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सहयोग हेतु सदैव तत्पर है।

