गंगा आरती का उद्देश्य नदियों को निर्मल बनाए रखना ही है : अविनाश देव।
पलामू न्यूज Live//पलामू जिले के मेदिनीनगर में नवजागरण कोयल गंगा आरती समिति द्वारा कोयल रिवर फ्रंट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में संत मरियम विद्यालय के चेयरमैन सह युवा झामुमो नेता अविनाश देव उपस्थित हुए।
वहीं राहुल शास्त्री के नेतृत्व में समिति की पूरी टीम ने मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की आरती की, इस दौरान संत मरियम विद्यालय के कई छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्य अतिथि अविनाश देव ने मां गंगा की तस्वीर पर पूजा-अर्चना के बाद भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव सभ्यता का विकास नदियों के किनारे हुआ है और नदी मानव जीवन की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि भारत में नदियों को मां का दर्जा दिया जाता है, लेकिन दु:ख इस बात की है कि सभी प्रकार के कचरे और प्रदूषण का बहाव भी इन्हीं नदियों में किया जा रहा है। श्री देव ने कहा कि विदेशी नदियां भारत की नदियों की तुलना में अधिक स्वच्छ हैं, जबकि भारत में अधिकांश नदी का पानी पीने योग्य नहीं है।
उन्होंने लोगों से कहा कि कोयल आरती केवल परंपरा नहीं बल्कि नदी को स्वच्छ रखने का संकल्प है। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रतिज्ञा लेने की अपील किया कि वे कोयल नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई और विजेताओं को अविनाश देव ने पुरस्कार प्रदान किया। मौके पर राम-श्याम बंधु के एक से बढ़कर एक भजनों कि प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को और भक्तिमय बना दिया जिससे उपस्थित भक्तों ने झूमने पर मजबूर हो गए।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता ओंकार नाथ तिवारी, एलेन- आकाश के शिक्षक प्रवीण सर सहित कई गणमान्य एवं समाजसेवी लोग उपस्थित रहे।

