गुरु का सम्मान ही सुखमय जीवन का मार्ग है: अविनाश देव।
पलामू न्यूज Live// मेदिनीनगर: आषाढ़ पूर्णिमा, जिसे हम ‘गुरु पूर्णिमा’ के रूप में जानते हैं, भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखती है। इसी पावन तिथि को भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के पश्चात सारनाथ में अपना पहला उपदेश दिया था। साथ ही, वेदों के रचयिता महर्षि वेदव्यास का जन्म भी आषाढ़ पूर्णिमा को ही हुआ था।
भगवान शिव, जिन्हें ‘आदि गुरु’ माना जाता है, की महिमा में पाटन प्रखंड के लोइंगा गांव में गुरुभाई और गुरु-बहनों द्वारा ‘गुरु चर्चा’ का भव्य आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए अविनाश देव का वरीय गुरुभाई गोकुलानंद तिवारी जी ने अंगवस्त्र भेंट कर संयुक्त रूप से स्वागत किया। सैकड़ों गुरु भाइयों और बहनों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अविनाश देव ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “गुरु जीवन जीने की कला और सीमित संसाधनों में भी बेहतर जिंदगी बसर करने का हुनर सिखाते हैं।
भगवान शिव ने स्वयं के लिए कुछ नहीं किया, बल्कि लोक कल्याण के लिए विष भी पी लिया। हमें भी प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग उसी सीमा तक करना चाहिए जिससे पर्यावरण और प्रकृति का संतुलन बाधित न हो। धन-संपत्ति के लिए हाय-तौबा मचाने के बजाय सादगी के साथ समाज में मिल-जुलकर रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि परिवार को जीवन मूल्यों का महत्व समझाएं, रिश्तों को मजबूत बनाएं और आने वाली पीढ़ी के लिए सही मार्गदर्शन का उदाहरण छोड़ें; तभी हमारा समाज और राष्ट्र मजबूत होगा। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अंधविश्वास, जादू-टोना और किसी अलौकिक चमत्कार के बहकावे में न आएं।
अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दें, और चाहे कम खाकर ही सही, अपनी बेटियों को स्कूल जरूर भेजें। गुरु के बताए रास्ते पर चलकर और उस पर अमल करके ही हमारी मंजिल का मार्ग सुगम हो सकता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि भगवान बुद्ध एक राजा के बेटे होकर भी राजमहल त्याग कर सत्य की खोज में निकले और पूरी दुनिया को मानवता, करुणा व दया का पाठ पढ़ाया।
वहीं सम्राट अशोक ने बुद्ध के बताए मार्ग पर चलकर मगध साम्राज्य का नाम विश्व भर में रोशन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एडवोकेट ओंकार नाथ तिवारी ने अपने संगीत कला से गुरु चर्चा को संगीतमय और भावपूर्ण बना दिया।
वहीं भाई राधेश्याम सोनी के कुशल प्रबंधन ने आयोजन को शानदार बनाया। आमोद भैया और प्रतिमा बहन सहित उपस्थित सभी लोगों ने अपना बहुमूल्य समय देकर चर्चा को सफल बनाया।
अंत में सभी को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। पलामू प्रमंडल कि ताजा खबरों के लिए पलामू न्यूज Live से जुड़े रहे।

