सनातन धर्म सभा ने लेस्लीगंज में किया रामनवमी महोत्सव पर, भव्य चौथी बार रावण दहन लोगों का उमड़ा जनसैलाब।
पलामू न्यूज Live//लेस्लीगंज: सनातन धर्म सभा केंद्रीय समिति द्वारा आयोजित भव्य रामनवमी महोत्सव इस वर्ष भी धूम-धाम के साथ मनाईं गई। लगातार चौथे वर्ष सनातन धर्म सभा द्वारा आयोजित यह भव्य कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों अखाड़ों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियों एवं अद्भुत प्रदर्शनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वाराणसी से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, सुदामा, हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर झूमने पर मजबूर कर दिया।
मौके पर सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि आपसी भाईचारा, सहयोग और सकारात्मक सोच के साथ समाज को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं।
अपने संबोधन में सनातन धर्म सभा के केंद्रीय महासचिव राम प्रकाश तिवारी ने सनातन धर्म की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन केवल एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पवित्र पद्धति है, जो हमें सत्य, सेवा, संस्कार और समर्पण का मार्ग दिखाती है।
इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रविंद्र नाथ तिवारी, ओंकारनाथ जायसवाल सहित अन्य गणमान्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित करते हुए आयोजन की सराहना की। इसके साथ ही महानायक उमाशंकर मिश्रा द्वारा भव्य भजन प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का सफल संचालन संत कुमार तिवारी द्वारा किया गया। प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों अखाड़ों के राम भक्तों को तलवार एवं पगड़ी देकर सम्मानित किया गया। अंत में अहंकारी रावण के पुतले का दहन आकर्षक आतिशबाजी के साथ किया गया, जो अत्यंत मनमोहक और देखने योग्य दृश्य था।
इस कार्यक्रम के दौरान लेस्लीगंज थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका देखने को मिली। पूरे क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की निगरानी रही, वहीं ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। समिति ने इस सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त किया।
मौके पर मुख्य संरक्षक संचालन समिति के तारकेश्वर पासवान, पिंटू कश्यप, नवल किशोर राय, प्रवीण दुबे, हम पार्टी के जिला अध्यक्ष आशुतोष, पूर्व सैनिक बृजेश शुक्ला, संजू शुक्ला, मनी प्रकाश सिंह, मुकेश पुरी, दिनेश तिवारी, अरुण मेहता, संतोष गिरी, राजा चंद्रवंशी, व्यास अंकु राय, श्याम सांवरिया, पप्पू सिंह, गौतम सिंह, संतु विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग मंच पर उपस्थित रहे।

