पलामू में ‘उड़ान भारत’ के नए केंद्र का हुआ भव्य उद्घाटन।
पलामू न्यूज Live//मेदिनीनगर: पलामू जिले में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय पलामू के छात्रों द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक विकास की दिशा में कार्यरत संस्था उड़ान भारत का एक नया शिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। जिसका मुख्य अतिथि पांकी विधानसभा के विधायक कुशवाहा डॉ शशिभूषण मेहता, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ संजय कुमार सिंह, विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री प्रेमानंद यादव सहित अन्य प्रोफेसर, प्रखंड अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी सुधीर कुमार सिंह, पूर्णाडीह पंचायत के मुखिया श्रीमती गुड्डी देवी, उपमुखिया सह पश्चिमी जिला परिषद प्रत्याशी श्री वरुण कुमार जायसवाल ने उपस्थित होकर संयुक्त रूप से उद्धघाटन किया। इस कार्यक्रम के दौरान विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार है, और उड़ान भारत जैसी संस्थाएं युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उद्घाटन समारोह के मौके पर पांकी विधायक कुश्वाहा डॉ शशिभूषण मेहता ने उड़ान भारत के तहत संचालित शैक्षणिक कार्य के लिए भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज के आगे पार्क निर्माण एवं सुंदरीकरण तथा सूर्य मंदिर तालाब तक सड़क निर्माण एवं सूर्य मंदिर तालाब के विकास की भी घोषणा की।
उन्होंने इस नए केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन, मार्गदर्शन और कौशल विकास के अवसर मिलने की बात कही। साथ ही विधायक डॉ मेहता ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में संस्था के सदस्यों द्वारा अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया गया और यह संकल्प लिया गया कि इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र में शिक्षा का स्तर और बेहतर बनाया जाएगा।
बता दें कि उड़ान भारत का यह नया ‘शिक्षण केंद्र भवन’ नीलांबर पीतांबरपुर प्रखंड अंतर्गत पुर्णाडीह पंचायत के झगरपुर निवासी कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष श्री सुधीर कुमार सिंह जी के द्वारा प्रदान किया गया है, आपको जानकर खुशी होगी कि उड़ान भारत एक शैक्षणिक और सामाजिक संस्था है। जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामींण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सही मार्गदर्शन और कौशल विकास के अवसर प्रदान करना है।
यह संस्था उन छात्रों के लिए विशेष रूप से मिल का पत्थर साबित होगा जो संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों का उड़ान नहीं भर पाते हैं। इस लिए उड़ान भारत का लक्ष्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है। इसके प्रमुख उद्देश्य हैं छात्रों को मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान करना, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग करना। युवाओं को तकनीकी और व्यावहारिक कौशल से सशक्त बनाना, करियर मार्गदर्शन और आत्मविश्वास विकसित करना।
समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना, यह संस्था विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से छात्रों के विकास में योगदान देती है। इसमें नियमित कोचिंग कक्षाएं, करियर काउंसलिंग, सेमिनार और तकनीकी और विज्ञान के प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। जिसमें विज्ञान और नवाचार जैसे क्षेत्रों में छात्रों को प्रोत्साहित किया जाता है जिससे आधुनिक तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर वे चल सकें।
उड़ान भारत से जुड़ने वाले छात्रों को कई प्रकार के लाभ मिलते हैं जिसमें निःशुल्क में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास, तकनीकी और व्यावहारिक ज्ञान। यह संस्था केवल शिक्षा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का भी कार्य कर रही है।
शिक्षा के प्रसार के साथ-साथ यह युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करती है और उन्हें देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करती है। अभी उड़ान भारत में कक्षा 1 से 10 तक में 100 से अधिक स्टूडेंट्स पढ़ाई कर रहे हैं 50 से अधिक वॉलंटियर सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
मौके पर संस्था के सदस्य निशिकांत, साक्षी, रोमा, सिद्धार्थ, शशि, विकाश, काजल, नूरजहां एवं अन्य गणमान्य लोग के साथ-साथ काफी संख्या में काॅलेज के छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित रहें।

