पुर्णाडीह में सम्मान समारोह के साथ नवाह्न पारायण महायज्ञ का भव्य समापन।
पलामू न्यूज Live//पलामू, नीलांबर पीतांबरपुर: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पूर्णाडीह में आयोजित श्री रामचरित मानस नवाह्न पारायण पाठ महायज्ञ का आज भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक उल्लास के साथ समापन हुआ। समापन अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूर्णाहुति संपन्न कराई गई, जिसके बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन में क्षेत्र के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
समापन समारोह में स्थानीय कलाकारों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम के उपरांत सभी स्थानीय कलाकारों को मंच पर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह वर्धन हुआ।
आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और रामनाम संकीर्तन से पूरा क्षेत्र राम मय हो उठा।
मुख्य रूप से पश्चिमी जिला परिषद सदस्य आशा देवी, सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी, महासचिव रामप्रकाश तिवारी, मुख्य संरक्षक लव मेहता, राजू गुप्ता, बालकेश पासवान, मुनींद्र नाथ दुबे, चंदन दुबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला पार्षद आशा देवी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक चेतना को सुदृढ़ करने वाला बताया। व्यास अंकु राय ने कहा कि आयोजन समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समिति ने क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के निरंतर आयोजन का संकल्प लिया।
मौके पर व्यास अंकू राय, वेद प्रकाश, अमित रंजन सिंह, मिथलेश राय, सत्यदेव सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

