होली और ईद त्योंहार में कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी: थाना प्रभारी।

पलामू न्यूज Live//नीलांबर-पीतांबरपुर प्रखंड अंतर्गत लेस्लीगंज थाना परिसर में सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता समाजसेवी तारकेश्वर पासवान एवं संचालन राजद प्रखंड अध्यक्ष सह चेंबर महामंत्री तनवीर आलम ने किया। इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। बैठक का नेतृत्व लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने किया। जिसमें अंचल अधिकारी सुनील कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, चेंबर अध्यक्ष छोटे लाल सोनी और सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा अपने संबोधन में समस्त क्षेत्रवासियों को होली एवं ईद त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर देता है। उन्होंने जनता से किसी भी तरह की अफवाहों से बचने और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।
वहीं चेंबर अध्यक्ष एवं लेस्लीगंज मुखिया पति छोटे लाल सोनी ने आश्वासन दिया कि व्यापारिक संगठनों की ओर से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पर्वों के दौरान बाजारों में शांति व्यवस्था बनी रहे। साथ ही सनातन धर्म सभा के केंद्रीय अध्यक्ष अजीत तिवारी ने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने का माध्यम हैं।
उन्होंने लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की अपील की। वहीं लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी समुदायों को मिल-जुलकर भाईचारे के साथ पर्व मनाना चाहिए।
उन्होंने किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अंचल अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी त्योहारों के दौरान सभी नागरिकों को प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। इस बैठक में खासतौर पर समस्त जनप्रतिनिधियों के द्वारा नशामुक्त पर्व मनाने की अपील की गई। सभी जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नशे के कारण कई बार विवाद उत्पन्न हो जाती हैं। इसलिए सभी से आग्रह किया गया कि वे त्योहारों के दौरान नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
बैठक के दौरान यह संकल्प लिया गया कि प्रखंड में सभी पर्व सौहार्दपूर्ण, नशामुक्त और सुरक्षित माहौल में मनाए जाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बैठक के अंत में अधिकारीयों एवं समस्त जनप्रतिनिधियों के द्वारा एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर आपसी प्रेम को और मधुर बनाने की कोशिश की गई।
मौके पर मुखिया संघ अध्यक्ष मंदीप मेहता, हरतुआ मुखिया अरविंद शुक्ला, चौरा मुखिया गुड्डू पासवान, जुरू मुखिया पति कृष्णा पासवान, पिपरा खुर्द मुखिया पति शैलेश सिंह, मुखिया पूनम देवी, मुखिया पति अनिल पासवान, पुर्णाडीह मुखिया गुड्डी देवी, समाजसेवी बजरंगी प्रसाद सोनी, समाजसेवी विरेंद्र कुमार, सांगबार मुखिया गीता देवी, हरतुआ पंसस पति सह समाजसेवी दीपक गिरी, पंचायत समिति आनंद यादव, कमेश यादव, प्रखंड सदर फिरोज़ अंसारी, शमीम खलीफा, सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।