रामपुर गोलीकांड के दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी हो, पीड़ित परिवार को मिले सुरक्षा एवं न्याय : आजाद समाज पार्टी।

पलामू न्यूज Live//मेदिनीनगर:पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर में हुए गोली कांड घटना के बाद से पीड़ीत परिवार का हाल बेहाल हो गया है।इसे लेकर 02 जून 2026 को भीम आर्मी भारत एकता मिशन एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) पलामू जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने चैनपुर प्रखंड के रामपुर गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की तथा घटना की विस्तृत जानकारी ली। वहीं भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष चंदू राम एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला अध्यक्ष सुनील उरांव ने संयुक्त रूप से पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि रामपुर गोलीकांड में चैनपुर पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आई है। उन्होंने कहा कि यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ था जिसकी जानकारी पूर्व से ही चैनपुर थाना को दी गई थी, लेकिन प्रशासन द्वारा समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण यह दुखद घटना घटित हुई है। प्रतिनिधिमंडल को मृतक के परिजनों ने बताया कि घटना के बाद पूरा परिवार भय एवं असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहा है। परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक, पलामू को ज्ञापन सौंपकर हत्या कांड में शामिल सभी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी। उनके शस्त्र लाइसेंस रद्द करने, पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान करने तथा मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की है। मौके पर आजाद समाज पार्टी के पूर्व प्रत्याशी अजय सिंह चेरो ने प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पलामू में भू-माफियाओं को आर्म्स लाइसेंस दिया जाना बेहद निंदनीय है। इसी का परिणाम है कि जमीन विवाद जैसे मामलों में भी गोलीबारी और हत्याएं हो रही हैं, रामपुर की घटना में लगभग 30 लोगों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है, लेकिन अब तक केवल दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है। प्रशासन द्वारा हाल ही में 180 भू-माफियाओं की सूची जारी की गई है, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पलामू में पिछड़ा, दलित, आदिवासी एवं मुस्लिम समाज के लोगों के साथ हत्या और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं तथा प्रशासन इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में विफल साबित हो रहा है। वहीं आसपा नेता नागमणि रजक एवं सेराज खान ने कहा कि चैनपुर में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति के बाद मात्र पांच दिनों के भीतर दो गंभीर घटनाएं घटित हुई हैं, जिसकी नैतिक जिम्मेदारी चैनपुर थाना प्रभारी की बनती है। उन्होंने मांग की कि चैनपुर थाना प्रभारी की भूमिका की जांच कर उन्हें तत्काल बर्खास्त किया जाए तथा अपराधियों के आर्म्स लाइसेंस रद्द किए जाएं। नागमणि रजक ने कहा कि पलामू में माफिया तत्व बेखौफ होकर घूम रहे हैं, सड़कों पर हत्याएं हो रही हैं और कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है और इसी कारण उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रशासन को अविलंब हस्तक्षेप कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय नहीं मिला तथा सभी दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी। मौके पर चंदू राम, सुनील उरांव, नागमणि रजक, अजय सिंह चेरो, सेराज खान, दीपक कुमार, सुहैल अंसारी, प्रवीण कुमार, प्रमोद कुमार, सत्यप्रकाश कुमार सहित भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

पलामू न्यूज Live

“ब्यूरो रिपोर्ट पलामू न्यूज Live”

विज्ञापन 1

लाइव कैलेंडर

June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

LIVE FM सुनें