पांकी विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्राम-पंचायतों में विधायक मद से स्वीकृत कई योजनाओं का किया शिलान्यास।
पलामू न्यूज Live//मेदिनीनगर: पांकी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों के गांवों में रविवार को पांकी विधायक कुशवाहा डॉ शशिभूषण मेहता ने पंचायतों का दौरा कर विधायक मद से स्वीकृत कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस अवसर पर पांकी प्रखंड के जांजो स्थित झुमेलवाटांड़ में अमर शहीद नीलाम्बर-पीताम्बर जी की प्रतिमा के निकट चबूतरा निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
वहीं भरी गांव में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की प्रतिमा के समीप नाली निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया गया। भरी गांव पहुंचने पर पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता को आजाद समाज पार्टी के नेता श्री राम कुमार रवि जी एवं स्थानीय लोगों के द्वारा गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।
इसके लिए विधायक ने पुरे भरी वासियों और उनके समर्थकों को अपार स्नेह व्यक्त किया और कहा कि मैं हृदय से भरी वासियों का आभारी हूं।
इसके बाद विधायक ने नीलांबर पीतांबरपुर (लेस्लीगंज) प्रखंड के कोटखास पंचायत के ग्राम गोपालगंज में तथा हरतुआ पंचायत के झरकटिया स्थित नाग बाबा मंदिर के निकट विवाह मंडप निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पांकी विधायक डॉ कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता पांकी विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना और क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।
हमारा यह निरंतर प्रयास है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों तक पहुंचे।
मैं क्षेत्र की सम्मानित जनता को यह पूरा विश्वास दिलाता हूँ कि आने वाले समय में इन विकास कार्यों की गति को और भी तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला प्रतिनिधि श्री प्रकाश मेहता, निजी सचिव श्री सरोज चटर्जी, प्रोफेसर बच्चन ठाकुर, एएसपी नेता श्री राम कुमार रवि, विधायक प्रतिनिधि श्री सुनील कुशवाहा, श्री साधु मांझी, श्री शैलेंद्र सिंह, श्री कमेश यादव, श्री दासू सिंह, श्री संतोष शुक्ला सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

