पलामू में जनता के काम में बाधा डालने वाले या लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर होगी सीधे कार्रवाई: डीसी।
पलामू न्यूज Live//मेदिनीनगर: पलामू जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को सतबरवा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सरकारी कर्मियों की कार्यप्रणाली पर सख्त रुख अपनाया। वहीं निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी कृष्णा मुरारी तिर्की के अनुपस्थित पाए जाने पर डीसी ने तत्काल फोन कर जवाब-तलब किया और स्पष्ट किया कि भौतिक रूप से उपायुक्त स्तर से अनुमति लेने के पश्चात ही जिला मुख्यालय छोड़ें। ऐसे अनुपस्थित रहना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वहीं प्रखंड के लिपिक दीपक कुमार द्वारा गलत जानकारी दिए जाने पर उपायुक्त ने मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई और भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी। प्रखंड सभागार में मौजूद कर्मियों के साथ बैठक करते हुए डीसी ने बेहद सख्त संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में लापरवाही अब नहीं चलेगी, या तो अपनी कार्यशैली सुधार लें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता को यदि कार्यालयों में समस्या होगी, तो संबंधित कर्मियों को भी उसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
डीसी ने सभी कर्मियों को समय पर कार्यालय आने, कार्यों का समयबद्ध निष्पादन करने और आमजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी पद जिम्मेदारी का पद है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, पानी के लीकेज को तुरंत ठीक कराने तथा कार्यालय व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अंचल निरीक्षक से एनएच से जुड़े कार्यों की जानकारी लेकर प्रगति की समीक्षा की। स्पष्ट संकेत देते हुए डीसी श्री शेखावत ने कहा कि जनता के काम में बाधा डालने वाले या लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर सीधे कार्रवाई होगी।
प्रखंड कार्यालय के बाद स्वास्थ्य उपकेंद्र का भी किया निरीक्षण।
पलामू जिले के सतबरवा प्रखंड कार्यालय के पश्चात डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत सतबरवा के स्वास्थ्य उपकेंद्र भी पहुंचे, यहां उन्होंने वैक्सीनेशन के लिए आई महिलाओं से संवाद किया। इसके पश्चात उपकेंद्र के विभिन्न कमरों में बने अलग-अलग कक्षों की जांच की, परिसर में खराब पड़े एक जलमीनार को दुरुस्त करने का आश्वासन दिया। इस दौरान उपकेंद्र के प्रभारी द्वारा बताया गया कि एक और जल मीनार को इस्तेमाल कर पानी की जरूरत पूरी की जाती है। उपकेंद्र के लैब टेक्नीशियन से उपायुक्त ने अपना शुगर जांच कराया जिसका नतीजा सामान्य रहा।
सतबरवा के राजकीयकृत मध्य विद्यालय एवं बालिका उच्च विद्यालय का भी लिया जायज़ा।
शनिवार को ही उपायुक्त श्री शेखावत ने एक ही परिसर में बने राजकीयकृत मध्य विद्यालय एवं बालिका उच्च विद्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मध्य विद्यालय में नामांकित बच्चियों की जानकरी ली और सभी बच्चियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में योजना बनाकर कार्य करने की बात कही। परिसर में बने शौचालय एवं रसोई घर में बन रहे खिचड़ी का भी अवलोकन किया, इसके बाद उच्च विद्यालय में अध्यनरत दसवीं के बच्चियों संग सीधा संवाद किया।
उन्होंने कहा कि मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता, खूब मेहनत से पढ़ाई करें एवं अपनी रुचि के अनुसार उसपर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि आप पढ़ लिख कर कुछ बढ़िया करेंगे तो सतबरवा एवं जिला का नाम रोशन होगा यह सबके लिये गर्व का विषय रहेगा।

