पलामू में आजादी के बाद पहली बार आई बिजली, गांव मानो चांद पर पहुंच गया।
पलामू न्यूज Live//मेदिनीनगर: पलामू जिले के रामगढ़ प्रखंड स्थित सुगरवर्ती क्षेत्र के हीसरा गांव में आखिरकार आजादी के 70 वर्षों के बाद बिजली पहुंच ही गई। गांव में पहली बार बल्ब जलते ही ऐसा माहौल बना मानो किसी बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया जा रहा हो। बच्चे, बुजुर्ग और ग्रामीण खुशी से झूम उठे आखिर अब लालटेन और ढिबरी के दौर से गांव बाहर निकल चुका है।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से बिजली के अभाव में बच्चों की पढ़ाई, मोबाइल चार्जिंग और रोजमर्रा के काम प्रभावित होते थे। कई बार मांग उठी लेकिन हर बार फाइलें शायद अंधेरे में ही गुम हो जाती थीं।
इस बार गांव की समस्या सांसद बीडी राम तक पहुंची, जिसके बाद अधिकारियों को निर्देश दिया गया और गांव में बिजली पहुंची।
बिजली आने पर ग्रामीणों ने सांसद प्रतिनिधि भोला पांडे को बुलाकर सम्मानित किया और आभार जताया।
हालांकि गांव के कई लोगों की जुबान पर एक ही बात रही जो काम दशकों पहले होना चाहिए था, वह अब जाकर हुआ है लेकिन देर आए दुरुस्त आए।
मौके पर भोला पांडे ने कहा कि सांसद विष्णु दयाल राम का प्रयास है कि विकास की रोशनी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और कोई भी गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहे।
वहीं ग्रामीणों ने भी खुशी जताई कि अब उनका गांव भी रोशनी वाले भारत का हिस्सा बन गया है।

