धरती अब्बा भगवान विरसा मुंडा जी के शहादत को नमन, 10 जून को सीएम आवास घेराव में रांची चलें: शत्रुघ्न कुमार शत्रु।
पलामू न्यूज Live//मेदिनीनगर: झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष सह झारखण्ड आन्दोलनकारी शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने मंगलवार को मेदिनीनगर स्टेशन चौक स्थित धरती अब्बा भगवान विरसा मुंडा जी के आदमकद प्रतिमा पर शहर के प्रबुद्ध जनों व प्रमुख नेताओं के साथ माल्यार्पण व उनकी महान शहादत को कोटिश: नमन अर्पित किया।
उन्होंने कहा कि आगामी 10 जून 2026 को सीएम आवास घेराव, धरना-प्रदर्शन, अनशन आदि कार्यक्रम में पलामू प्रमंडल के सभी झारखण्ड आन्दोलन के सेनानियों को सपरिवार रांची पहूंचकर गरजने व हुंकार भरकर झारखण्ड आन्दोलन कारियों के ज्वलंत मांगों पर कुम्भकरणी निद्रा में निमग्न हेमन्त सरकार को झकझोर देने का आह्वान किया है।
इस अवसर पर सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 26 वर्षों के झारखण्ड में चाहे एन०डी०ए० की सरकार रही हो अथवा इंडिया गठबंधन की सरकार हो। सबने झारखण्ड आन्दोलन कारियों व आम झारखण्डी के हितों पर कुठाराघात कर इस राज्य को कारपोरेट लूट व करप्ट पोलिटिक्स का अखाड़ा बना दिया है।
यही कारण है कि भारत का सबसे समृद्ध खनिज सम्पदा, वन सम्पदा व मानवीय सम्पदा से परिपूर्ण इस राज्य के निर्माता आन्दोलन कारियों व उनके परिजनों से लेकर आम झारखण्डी युवा गरीबी, भूखमरी, बेरोजगारी जनित पलायन का शिकार हो कर दर-दर की ठोकरें खाते हुए मरने को मजबूर हो रहे हैं।
जीवन के हर क्षेत्र में भीषण उपेक्षा, तिरस्कार व प्रताड़ना का दंश झेलते-झेलते बुजुर्ग व बिमार आन्दोलन कारियों का बहुत बड़ा तबका इलाज व देख-रेख के अभाव में दम तोड़ चुका है।
कई चरणों के आन्दोलन के बावजूद भी झारखण्ड आन्दोलन के महान निर्माताओं के गर्भ से उत्पन्न हेमन्त सरकार के सौतेलापन व्यवहार से खीझ कर आगामी 10 जून को दो जून की रोजी-रोटी व सम्मान के लिए सभी आन्दोलन कारी परिजनों के साथ मुख्यमंत्री आवास पहूंचकर आर-पार के जज्बे के साथ आन्दोलन तेज करें।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता ईप्टा के रवि शर्मा ने किया, शहादत सभा को सम्बोधित करते हुए जन संग्राम मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष का०युगल पाल, भाकपा के वरिष्ठ नेता का०के०डी०सिंह, समाजिक न्याय परिषद के ईश्वरी महतो, राष्ट्रीय बौद्ध महासभा के रवि पाल ने भगवान विरसा मुंडा की शहादत को नमन करते हुए कहा कि आज भी धरती अब्बा के सपनों का अबुआ दिशोम अबुआ राज का झारखण्डी सपना अधूरा है।
यहां पर जल,जंगल, जमीन व खान-खनिजों के कारपोरेट लूट के खिलाफ उलगुलान की जरूरत है। इस अवसर पर ईप्टा के उपेन्द्र मिश्रा, प्रेम प्रकाश, सीपीआई के सुरेश सिंह, सबीर अहमद, माले के ललन प्रजापति, शिक्षक अच्छेलाल प्रजापति, पूर्व शिक्षक लोचन बैठा, जंगाली महतो, समाजिक न्याय परिषद के राजू रजक, झारखण्ड क्रांति मंच के धीरज चन्द्रवंशी, राजद के विश्वनाथन राम, जन संग्राम मोर्चा के विजय चौरसिया, बृजनंदन मेहता, मुकेश कुमार समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

