पलामू में 19 अप्रैल को शौर्य दिवस के रूप में मनेगा अनुराग शुक्ला का शहादत दिवस।
पलामू न्यूज Live//पलामू: मेदिनीनगर शहीद लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला के शहादत दिवस के अवसर पर आगामी रविवार को सिंगरा गांव में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित होगी। इस कार्यक्रम के अंतर्गत शहीद स्मारक स्थल पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन कर वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
विशेषकर पलामू पुलिस द्वारा अनुराग नाम का दीपमाला हर वर्ष की तरह इस बार भी सजाई जाएगी। वहीं सुंदरकांड संकीर्तन पाठ दोपहर 02 बजे से प्रारंभ कर दिवंगत शहीद आत्मा के लिए प्रार्थना की जाएगी।
शहादत दिवस पर संध्या 07 बजे से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, इस दौरान असहाय जरूरतमंदों के बीच धोती-साड़ी का वितरण भी किया जाएगा।
बता दें कि वीर शहीद लेफ्टिनेंट अनुराग शुक्ला ने अपने दो साथियों की जान बचाने के क्रम में सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा एवं त्याग आज भी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पदास्थापना के दौरान उनकी शहादत को पलामू समेत उनके जानने वालों के लिए ये दिवस शौर्य दिवस के रूप में दिलों में बैठ गया है।
शहीद के पिता जीतेन्द्र कुमार शुक्ला ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करें तथा कार्यक्रम को सफल बनाएं।

