मोहर्रम इंतजामिया कमेटी ने रामनवमी के अवसर पर किया सम्मान समारोह का आयोजन।

पलामू न्यूज Live//पलामू जिला मुख्यालय में रामनवमी पर्व के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मोहर्रम इंतजामिया कमेटी मेदिनीनगर के द्वारा रामनवमी पूजा समिति के सदस्यों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता की मजबूत परंपरा को एक बार फिर सशक्त किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जहां सभी ने मिलकर एकता और सद्भाव का संदेश दिया। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि हिंदू और मुस्लिम समाज ने आजादी के आंदोलन से लेकर सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन तक हमेशा एक-दूसरे का साथ निभाया है। आपसी सहयोग, मित्रता और विश्वास की यह परंपरा ही देश की असली पहचान है, जिसे आगे भी बनाए रखना जरूरी है। इस समारोह के दौरान मोहर्रम इंतजामिया कमेटी द्वारा रामनवमी पूजा समिति के सभी जनरल सदस्यों को आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया गया। जिसमें मुख्य समिति के जनरल मंगल सिंह को पगड़ीपोशी, फूलमाला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं कमेटी के सदर द्वारा विशिष्ट अतिथियों सहित संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव को भी पगड़ीपोशी, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह् देकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अविनाश देव ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने हमें प्रेम, भाईचारे और सह-अस्तित्व की जो विरासत दी है, वही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। संस्कृति के संरक्षण, शांति और भाईचारा हर कौम का मकसद होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्व-त्यौहार लोगों को जोड़ने का माध्यम हैं और हमें इन्हें सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। इस कार्यक्रम में नगर के सैकड़ों गणमान्य एवं अमनपसंद नागरिक उपस्थित रहे, सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि हर परिस्थिति में सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखा जाएगा और मेदिनीनगर से पूरे देश को शांति का संदेश दिया जाएगा। अंत में नगरवासियों से अपील की गई कि वे मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों और भक्त हनुमान के अनुशासन का पालन करते हुए रामनवमी को प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं। इस मौके पर पलामू के पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, सदर एसडीओ सुलोचना मीणा, विधायक आलोक चौरसिया, झामुमो जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

पलामू न्यूज Live

“ब्यूरो रिपोर्ट पलामू न्यूज Live”

विज्ञापन 1

लाइव कैलेंडर

May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

LIVE FM सुनें