छतरपुर के पत्रकार डॉ. अरुण कु. सिंह को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, हर आंख हुई नम।
पलामू न्यूज Live//पलामू जिला अंतर्गत छतरपुर के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अरुण कुमार सिंह के असामायिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। बताते चलें कि डॉ अरूण कुमार सिंह का निधन 11 हजार तार की चपेट में आने से हो गई थी। उनके निधन को पत्रकारिता जगत ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
उनका निधन के उपरांत क्रियाकर्म गया जिले के गुरुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत उनके पैतृक गांव करताही में विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया।
इसके बाद शुक्रवार को छतरपुर पेट्रोल पंप स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में जिले के विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, पत्रकार साथी एवं हजारों की संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
सभी ने डॉ. अरुण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे इस दुःख की घड़ी में हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे और हर संभव मदद करेंगे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. अरुण सिंह एक निर्भीक, निष्पक्ष और जनसरोकार से जुड़े पत्रकार थे। उन्होंने हमेशा सच को सामने लाने का काम किया और समाज की आवाज बनकर पत्रकारिता की।
उनका जाना न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए एक बड़ी क्षति है जिसकी भरपाई फिलहाल संभव नहीं है। वहीं श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा और हर आंख नम दिखी। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर संत मरियम स्कूल के चेयरमैन अविनाश देव, समाजसेवी अरविन्द प्रताप, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी फैजूर रहमान, सिटी मैनेजर मूर्तजा अंसारी, समाजसेवी रंजीत बहादुर सिंह, पूर्व विधायक शिवपूजन मेहता, हुसैनाबाद विधायक संजय सिंह यादव, भाजपा नेता सह पूर्व सांसद मनोज कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, भाजपा नेता प्रभात भुइयां, अखिलेश सिंह, अमित सिंह, प्रमोद सिंह सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी और पत्रकार भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे।

